सेक्टर 78 से बिना जाम अब पहुँच सकते हैं नोएडा एक्सटेंशन


नोएडा। नोएडा से नोएडा एक्सटेंशन की तरफ जाने वाले लोगों के लिए एक राहत की खबर है। अब गौड़ चौक पर जाम से बचने के लिए वो सेक्टर-78 से एफएनजी पार कर बिसरख पुल का इस्तेमाल कर सीधे ग्रेनो वेस्ट पहुंच सकते हैं। पुल को एफएनजी से जोड़ने वाली सड़क की रिसर्फेसिंग का काम शुरू कर दिया गया है, जो 15 अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। इस पॉइंट पर भविष्य में बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को ध्यान में रखते हुए एफएनजी को क्रॉस करने के लिए यहां अगले 4 माह के अंदर दो अंडरपास बनाए जाएंगे, जिससे महज पांच मिनट के अंदर ग्रेनो वेस्ट पहुंचा जा सकेगा। अभी सेक्टर-71 चौराहे को पार करके ग्रेनो वेस्ट पहुंचने में करीब आधा घंटा लगता है। 

दरअसल बिसरख हिंडन पुल को जोड़ने वाली सड़क जमीन के विवाद की वजह से सेक्टर-78 की तरफ से आने वाली सड़क की एफएनजी पर सीधी कनेक्टिविटी नहीं थी। जमीन का विवाद सुलझाकर सड़क को बनाने का काम चल रहा है। 15 अप्रैल के बाद भारी वाहन भी आसानी से सेक्टर-78 होते हुए एफएनजी से जा सकेंगे। इसके अलावा एफएनजी से सीधा फेज-2 में सेक्टर-80 तक पहुंचा जा सकेगा। अभी यहां पर एफएनजी को आगे नहीं बढ़ाया जा सकेगा, लेकिन 15 अप्रैल तक एफएनजी का सर्विस रोड तैयार हो जाएगा। इससे भंगेल के जाम से बच सकेंगे।• बिसरख पुल से आने वाली सड़क को एफएनजी से सिग्नल फ्री जोड़ा जाएगा। इसके लिए एफएनजी के नीचे से दो अंडरपास निकाले जाएंगे और स्लिप रोड से दोनों को जोड़ा जाएगा। हालांकि जमीन के एक टुकड़े का विवाद होने के चलते अभी इसके बनने में करीब चार महीने लगेंगे। आने वाले वर्षों में यहां पर ट्रैफिक का प्रेशर काफी बढ़ेगा। इसके चलते अंडरपास का फैसला किया गया है।

Post a Comment

0 Comments